फोटो 13: सोनीपत के रेलवे रोड पर प्रतिबंधित दवा के साथ गिरफ्तार किया गया आरोपी पुलिस टीम के साथ।
सोनीपत। क्राइम यूनिट कुंडली की टीम ने प्रतिबंधित दवा के साथ गिरफ्तार व्यक्ति को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से ट्रामाडोल युक्त इंजेक्शन और टैबलेट भारी मात्रा बरामद किए गए थे। प्राथमिक पूछताछ में यह पता चला है कि आरोपी प्रतिबंधित दवाइयां दिल्ली से लाता था।
कुंडली क्राइम यूनिट में तैनात एएसआई सुरेश कुमार की टीम को पता लगा था कि ऋषि नगर निवासी सोनू कालरा-रेलवे रोड से गीता भवन चौक की ओर जा रहा है। वह प्रतिबंधित दवा बेचता है। टीम ने रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया था। एसीपी खरखौदा जीत सिंह व ड्रग कंट्रोल अधिकारी मुंशी राम के सामने उसकी तलाशी लेने पर 100 इंजेक्शन ट्रामाडोल नामक प्रतिबंधित तत्व युक्त और 600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद किए गए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
जांच अधिकारी एएसआई विक्रम ने सोनू को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक पूछताछ में यह पता चला है कि आरोपी प्रतिबंधित दवाइयों को दिल्ली से लाता था और आगे सप्लाई करता था।