सोनीपत। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपति ने अमेरिका की गारमेंट कंपनी पर करीब 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कुंडली थाना पुलिस ने अमेरिकी उद्योगपति व बिचौलिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के डीएलएफ कैपिटल ग्रींस निवासी गौरव कपूर ने बताया कि उनकी एचएसआईआईडीसी कुंडली फेज-5 में कपूर इंटरप्राइजेज के नाम से फैक्टरी है। वह अपने भाइयों के साथ मिलकर उसे चलाते हैं। वह लंबे समय से श्रीनील टोपीवाला नामक कपड़ा खरीद एजेंट के संपर्क में थे। मार्च, 2024 में श्रीनील टोपीवाला के माध्यम से उनकी मुलाकात कमल उत्तम सिंह से हुई, जो अमेरिका की देजा बल्यू कंपनी के मालिक हैं। इस कंपनी का लेडीज गारमेंट का व्यवसाय है।
गौरव ने बताया कि अप्रैल 2024 में देजा बल्यू कंपनी की तरफ से श्रीनील टोपीवाला के माध्यम से 9600 पीस महिलाओं की स्कर्ट तैयार करने का ऑर्डर मिला था। तैयार माल का निरीक्षण नवंबर, 2024 में देजा बल्यू कंपनी के कर्मचारी ने किया था।
उसके बाद 27 नवंबर 2024 को माल स्थानीय ट्रांसपोर्ट के माध्यम से मुंबई भेज दिया गया था। 30 नवंबर 2024 को माल का शिपिंग बिल भी जनरेट हो गया था। कमल उत्तम सिंह ने माल को अमेरिका भेजने के लिए राहत कॉन्टिनेंटल कंपनी को देने को कहा। गौरव कपूर ने बताया कि उन्होंने कस्टम क्लियरेंस करवाकर माल कंपनी को सौंप दिया, लेकिन इसके बाद आरोपियों ने बिना उनकी अनुमति के अमेरिका में माल प्राप्त कर लिया और उसकी कीमत अदा नहीं की।
गौरव का आरोप है कि आरोपियों ने करीब 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमेरिका के उद्योगपति कमल उत्तम सिंह व एजेंट श्रीनील टोपीवाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को नोटिस भेजा जाएगा।