दिल्ली के बुध विहार में रहने वाला एक व्यक्ति सोमवार को यहां नहर में बह गया। वह दिल्ली से गांव खानपुर कलां पीजीआई में अपनी भाभी की तबियत जानने आया था। रास्ते में गर्मी की वजह से नहाने के लिए नहर में उतरा, लेकिन पानी के तेज बहाव में बह गया। सोमवार देर शाम तक गोताखोर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गन्नौर के गांव उद्देशीपुर निवासी सुनील (30) पुत्र रामकिशन दिल्ली के बुध विहार में रहता है।
उसने वहां गैस स्टोव को रिपेयर करने की दुकान खोल रखी थी। सोमवार को सुनील के साथ उसका भाई राजेश, फुफेरा भाई सोनी, दोस्त संजीव, ड्राइवर राजेश और दुकान का नौकर लालू एक क्वालिस गाड़ी से गांव खानपुर कलां के पीजीआई में पहुंचे। वहां पर सुनील की भाभी का इलाज चल रहा था। जो एक सड़क हादसे में घायल हो गई थी। भाभी का कुशल-क्षेम जानने के बाद वापस जा रहा था।
जब सुनील ने गांव कासंडी के समीप से गुजर रही डबल नहर को देखा तो वह नहाने के लिए रुक गया। सुनील ने अपने कपड़े उतार कर नहाने के लिए नहर में डुबकी तो लगाई पर पानी के तेज बहाव के चलते वह ऊपर नहीं आ पाया और लापता हो गया। सूचना पर सदर थाना के प्रभारी कुलदीप देशवाल के अलावा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा नहर के पानी को कम करवाकर गोताखोर को बुलवाया गया है, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया था। सुनील के 4 बच्चे हैं।