सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को फ्लैक्स प्रिंटिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मेयर राजीव जैन व निगमायुक्त हर्षित कुमार से मुलाकात की।
एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि विज्ञापन साइट बढ़ाई जाए। छोटे-छोटे विज्ञापन बोर्ड लगाने की इजाजत दी जाए, ताकि सरकार का विज्ञापन राजस्व भी बढ़े और उनका कारोबार सुचारु चल सके।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कमल हसीजा ने कहा कि हमें छोटे-छोटे बोर्ड खंभे पर लगाने की इजाजत दी जाए, जिसके लिए हम फीस भरने को तैयार हैं। निजी प्रॉपर्टी पर विज्ञापन बोर्ड लगाने की इजाजत देने की प्रक्रिया सरल करने की भी मांग की।
इस पर मेयर व आयुक्त ने कहा कि प्रदेश की विज्ञापन नीति के अनुसार विज्ञापन लगाने की अनुमति तुरंत दी जाएगी। उन्होंने खंभे या अन्य स्थान पर फ्लैक्स बोर्ड लगाने के बारे में कहा कि विज्ञापन नीति के अनुसार अनुमति नहीं दी जा सकती।
इस बारे में मुख्यमंत्री के सामने प्रस्ताव बनाकर रखा जाएगा और दूसरे राज्यों की विज्ञापन नीति का भी अध्ययन करके प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा। इस दौरान विपिन ढींगरा, विनोद पालीवाल, ऋषिप्रकाश, पवन बत्रा, संदीप सरोहा, गौरव चावला, विजय सेतिया, सूरज, दिनेश, गोविंद, अंकित, शंकर भी उपस्थित रहे।