संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। बुजुर्गों की पेंशन काटने के विरोध में बुधवार को लोगों ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने उपायुक्त कार्यालय के सामने खुद को जंजीर से बांधकर विरोध जताया। प्रदर्शन करने वालों ने तहसीलदार कीर्ति को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
पार्षद बड़वासनी ने कहा कि प्रदेश सरकार बुढ़ापा पेंशन लगातार काट रही है। पेंशन बुजुर्गों के सम्मान के लिए शुरू की गई थी लेकिन सरकार इसे काटकर इनका अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र में 3 लाख से ऊपर वार्षिक आय दिखाकर बुजुर्गों की पेंशन काटी जा रही है।
यही नियम पूर्व विधायक व पूर्व संसदों पर लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे करोड़ों के मालिक होने के बावजूद मोटी पेंशन ले रहे हैं। बुजुर्गों की पेंशन काट कर उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। पीपीपी में आय ठीक करवाने के लिए लोग लगातार सरकारी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोबारा से बुजुर्गों की पेंशन काटी तो मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए जाएंगे। बुजुर्गों के सम्मान के लिए आमरण अनशन पर बैठेंगे। इस दौरान यशपाल बजाना, ऋतुराज, जयवीर राठी, विकास शर्मा, निर्मल सिंह, बलजीत, गुलशन, प्रवीण शर्मा भी मौजूद रहे।