जिले में कोविशील्ड खत्म होने से बुधवार को लोग वैक्सीन लगवाने के लिए भटकते रहे, जबकि जिला नागरिक अस्पताल, सेक्टर-14 के कम्यूनिटी सेंटर व सेक्टर-15 के जैन स्थानक समेत 25 से ज्यादा केंद्र बंद रहे।
इन सेंटरों पर किसी भी व्यक्ति को कोविशील्ड नहीं लगी। वहीं सीएचसी खरखौदा व गन्नौर में दो दिन से लोगों को वैक्सीन नहीं लग रही। ऐसे में लोगों को मायूस होकर घर लौटने को मजबूर होना पड़ा। गोहाना में 80 लोगों को ही कोविशील्ड लग सकी। उप सिविल सर्जन ने बताया कि कुरुक्षेत्र से 10 जुलाई को कोविशील्ड मिलने की उम्मीद है। इसके बाद ही लोगों को कोविशील्ड लगाई जा सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 10 स्थानों पर वैक्सीन लगाने के लिए शिविर लगाए गए। उन स्थानों पर 2583 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी। वहीं गोहाना में 80 लोगों को ही कोविशील्ड लग सकी। अमर उजाला की टीम ने बुधवार को विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला नागरिक अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भीड़ रही, लेकिन कोविशील्ड नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के लिए आने वाले व्यक्ति परेशान हो रहे हैं। कोविशील्ड खत्म होने के कारण लोगों को काफी इंतजार के बाद लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कम्यूनिटी सेंटर व जैन स्थानक में लटके रहे ताले
कोविशील्ड खत्म होने के कारण सेक्टर-14 के कम्यूनिटी सेंटर, सेक्टर-15 स्थित जैन स्थानक में ताले लटके रहे। इसके अलावा सीएचसी खरखौदा व गन्नौर में दो दिन से लोगों को वैक्सीन नहीं लग रही। वहां के सेंटर बुधवार दिनभर खाली पड़ रहे। ऐसे में लोगों को मायूस होकर घर लौटने को मजबूर होना पड़ा।
कोविशील्ड की 80 डोज का था स्टॉक, शिविर लगाकर लगाई दूसरी डोज
गोहाना के नागरिक अस्पताल क्षेत्र में बुधवार को वैक्सीन खत्म होने से डोज नहीं लग पाई। चिकित्सा अधिकारियों ने केवल उन 80 लोगों को वैक्सीन लगाई, जिन्हें दूसरी डोज लगनी थी। इसके लिए आदर्श नगर में विशेष शिविर लगाया गया। नागरिक अस्पताल के कमरे में दिनभर ताला लगा रहा। इससे वहां वैक्सीन लगवाने को लोग चक्कर काटते रहे। वैक्सीन न लगने के कारण उन्हें काफी देर तक इंतजार करने के बाद लौटना पड़ा। इस पर लाभार्थियों ने सरकार से नियमित रूप से वैक्सीन देने की मांग की।
वर्जन
वैक्सीन लगवाने के लिए जिला अस्पताल में आया तो यहां कोविशील्ड खत्म होने का पता चला। इसके बाद अस्पताल में एक घंटे तक वैक्सीन के आने का इंतजार किया, उसके बाद भी वैक्सीन नहीं लग सकी।
- विक्रम निवासी खेवड़ा
सरकार की ओर से जल्द कोविशील्ड का स्टॉक बढ़ाया जाना चाहिए। कोविशील्ड नहीं होने के कारण लोगों को अस्पताल से लौटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वैक्सीन खत्म होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
- नरेश, निवासी कुंडली
कोविशील्ड की दूसरी डोज लगवाने के लिए जिला अस्पताल में पहुंचा तो वहां पर वैक्सीन खत्म होने की सूचना मिली। इस तरह से वैक्सीन नहीं लगाने के कारण चक्कर काटकर परेशान होना पड़ेगा।
- सुरेश निवासी बहालगढ़
वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए फोन पर एसएमएस आया था। इसके लिए नागरिक अस्पताल पहुंचा तो यहां कमरे पर ताला लटका मिला। स्वास्थ्यकर्मियों से कमरा बंद होने का कारण पूछा तो उन्होंने वैक्सीन न होना बताया। सरकार को चाहिए कि कोरोना से जीतने के लिए नियमित रूप से वैक्सीन उपलब्ध कराए।
- पप्पू, निवासी गोहाना
अपना काम छोड़कर नागरिक अस्पताल में वैक्सीन लगवाने आया था। यहां पहले से ही रजिस्ट्रेशन कक्ष की खिड़की बंद मिली। जानकारी मिली कि वैक्सीन न होने के कारण रजिस्ट्रेशन नहीं किया जा रहा है। अब फिर वैक्सीन लगाने के लिए दोबारा से चक्कर काटना पड़ेगा। अगर वैक्सीन होती तो अपनी पहली डोज लगवा लेता। इसको लेकर सरकार को विशेष कदम उठाने चाहिए।
- अनिल, निवासी गांव वजीरपुरा।
वर्जन
अस्पताल में कोविशील्ड की 80 डोज का स्टॉक था। उन्हें शिविर लगाकर उन लोगों को लगवाया गया, जिन्हें दूसरी डोज लगनी थी। जिला मुख्यालय से वैक्सीन की मांग की गई है, वहां स्टॉक न होने की बात कही गई है। अब वैक्सीन की डोज मिलते ही दोबारा से टीकाकरण शुरू करवा दिया जाएगा।
- डॉ. कर्मवीर सिंह, एसएमओ, नागरिक अस्पताल गोहाना।
वर्जन
कुरुक्षेत्र से 2 हजार कोवाक्सिन मिलीं
कुरुक्षेत्र से 2 हजार कोवाक्सिन स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची हैं। वीरवार को 10 स्थानों पर कोवाक्सिन लगाई जाएगी। इनमें गुड़मंडी स्थित अग्रसेन भवन, महावीर कॉलोनी, मुंडलाना, पीएचसी मुरथल, कालूपुर आदि स्थानों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। कोविशील्ड का स्टॉक खत्म हो चुका है। 10 जुलाई को वैक्सीन मिलने की संभावना है। इसके बाद कोविशील्ड लगाने का काम शुरू किया जाएगा।
- डॉ. नीरज यादव, उप सिविल सर्जन