शहर के कोट मोहल्ले में तीन माह से पेयजल सप्लाई बाधित होने के कारण गर्मी में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर लोग कई बार अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, उसके बाद भी हालात नहीं सुधर रहे। ऐसे में यहां के लोग निगम के अधिकारियों के खिलाफ आक्रोशित हैं। वीरवार को निगम कार्यालय में पहुंचकर हंगामा कर दिया। तभी मेयर निखिल मदान ने एसडीओ सतीश कुमार को कार्यालय में बुलाकर लोगों के सामने ही पेयजल किल्लत दूर कराने के निर्देश दिए।
कालोनी वासी जुबेदा, काम्या, अमिता, सुदेश, हर्षा, संतोष, कुसुम, हेमा, प्रतिभा, जोगिंद्र व प्रिंस ने बताया कि कॉलोनी में तीन माह से पेयजल सप्लाई बाधित है। घरों में कभी-कभी पानी की सप्लाई होती है। समय पर सप्लाई नहीं होने के कारण यहां के लोगों को पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पानी सप्लाई की समय अवधि बढ़ाई जाए और पाइपलाइन के वॉल्व को सही तरीके से व्यवस्थित किया जाए तो पेयजल किल्लत हल हो सकती है, लेकिन क्षेत्र का पंप ऑपरेटर सुनवाई नहीं करता। अधिकारी भी हर बार टाल देते हैं।
लोग बोले - टैंकर मंगवाकर बुझा रहे प्यास
नगर निगम कार्यालय में पहुंचे लोगों का कहना है कि घरों में पीने का पानी खत्म हो चुका है। कोट मोहल्ला क्षेत्र ज्यादा ऊंचाई पर है। ऐसे में ऊंचाई पर बने मकानों में पानी कम सप्लाई हो रहा है। यहां के लोगों को सबमर्सिबल चलाकर या पानी के टैंकर मंगवाकर लोगों को प्यास बुझाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पानी की सप्लाई नहीं होने से परेशान लोग कई बार अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, उसके बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। निगम के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इस पर मेयर ने कार्यालय के बाहर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया और एसडीओ सतीश कुमार को मौके पर बुलाकर लोगों के सामने पेयजल समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।