सोनीपत में ओल्ड डीसी रोड पर पाइप रखकर लगाया जाम और खुलवाने पहुंची पुलिस टीम। स्रोत: वीडियोग्रैब
सोनीपत। प्रेम कॉलोनी में सीवर ओवरफ्लो की समस्या लोगों के लिए नासूर बनती जा रही है। समस्या से लेकर गुस्साए लोगों ने वीरवार को दीपक मंदिर के पास ओल्ड डीसी रोड पर जाम लगा दिया। उन्होंने सड़क के दोनों तरफ बिजली के तार बांध दिए और पाइप रख दिया। रोड जाम होने के कारण वाहन चालकों को आने जाने में परेशानी हुई।
जाम की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी सतबीर सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे। लोगों की समस्या सुनने के बाद थाना प्रभारी ने निगम अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया और सीवर सफाई के लिए मशीन मंगवाई। मशीन आने पर लोगाें ने आधा घंटा बाद जाम खोल दिया। प्रेम कॉलोनी के लोगों का आरोप था कि सीवर समस्या के समाधान के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। नेताओं से लेकर अधिकारियों तक को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कॉलोनी की समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गली में लंबे समय से पानी भरने के कारण घरों में बदबू फैली रहती है। बच्चों को स्कूल आने जाने में परेशानी हो रही है।