फोटो 09: सोनीपत के खरखौदा में घर-घर से कूड़ा उठान बंद होने से घरों के अंदर लगा गंदगी का ढ़ेर। सं
खरखौदा। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर पालिका की ओर से लगाए गए सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाने में लापरवाही बरत रहे हैं। इसके चलते घरों में ही कूड़ा सड़ रहा है। इससे न दुर्गंध फैल रही है बल्कि संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले नियमित रूप से कूड़ा उठाने के लिए वाहन आते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है। कई मोहल्लों में सप्ताहभर से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है जिससे घरों में ही कूड़े के ढ़ेर लग गए हैं।
कूड़ादान भर जाने के बाद लोग कट्टों में गंदगी भरने के लिए मजबूर हैं। कूड़े का उठान नहीं होने पर अब लोग घरों से बाहर चौक-चौराहे व गालियों में फेंकने लगे हैं। इस समस्या को लेकर लोग कई बार नगर पालिका में शिकायत दर्ज करवा चुके हैं मगर आश्वासन ही मिल रहा है।
प्रशासन की तरफ से इस तरफ ध्यान नहीं देने से लोगों में रोष बढ़ रहा है। बारिश के मौसम में जब बीमारियों का खतरा पहले से ही अधिक होता है तो ऐसे में सड़ रहा कूड़ा और मच्छरों की भरमार हालात को और बिगाड़ रहे हैं।
लोगों ने मांग की कि नगर पालिका तुरंत एक्शन में आए। सफाई कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए और नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था फिर से सख्ती से लागू की जाए।