सोनीपत। आयकर विभाग कार्यालय की ओर से वीरवार को अग्रिम कर को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करदाताओं को समय पर कर भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
क्षेत्रीय कर निर्धारण अधिकारी अशोक उन्नति ने कहा कि 15 मार्च से पहले अग्रिम कर की अंतिम किस्त जमा करना आवश्यक है। करदाताओं को अपनी अनुमानित कुल कर देनदारी का 90 फीसदी तक अग्रिम कर के रूप में भुगतान करना चाहिए। शहर में 1.5 लाख सक्रिय करदाता हैं। समय पर कर जमा न कराने पर अतिरिक्त ब्याज और दंड का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 के आंकड़ों पर चर्चा करते हुए बताया कि पिछले वर्ष (2023-24) अग्रिम कर संग्रह 67.49 करोड़ रुपये था, जबकि इस वर्ष अब तक 83.61 करोड़ रुपये का अग्रिम कर जमा किया जा चुका है। यह दर्शाता है कि करदाता अब अधिक जागरूक हो रहे हैं और समय पर कर भुगतान कर रहे हैं। करदाता ऑनलाइन पोर्टल या बैंक के माध्यम से आसानी से अपना कर भुगतान कर सकते हैं।
इस दौरान उपायुक्त आयकर जसमेर सिंह, आयकर अधिकारी श्याम गुप्ता, निरीक्षक अमित दहिया, चार्टर्ड अकाउंटेंट महेश नागपाल, रमेश वाधवा, अनुज मंगला, सरस जैन, अधिवक्ता नरेंद्र गुप्ता, तुलसी बत्रा, सुबोध जैन, आयकर विभाग के निरीक्षक संदीप कुमार, अधीक्षक आशीष छिक्कारा आदि उपस्थित रहे।