झज्जर। डीसीएस पोर्टल की तकनीकी खामियों, संसाधनों की कमी और ऑनलाइन पोर्टलों की समस्याओं को लेकर पटवारी और कानूनगो शुक्रवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। उन्होंने पटवारखाने में मांगों को लेकर धरना जारी रखा। हड़ताल के कारण डीसीएस, गिरदावरी, डोमिसाइल, नक्शा, इंतकाल, जमाबंदी, फर्द और न्यायालय से संबंधित कार्य प्रभावित रहे। लोग अपने काम के लिए पटवारखाने पहुंचे, लेकिन हड़ताल के चलते कार्य नहीं हो सके और उन्हें वापस लौटना पड़ा।
सबसे अधिक परेशानी डोमिसाइल बनवाने वाले लोगों को हुई। इन दिनों कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रमाण पत्रों की आवश्यकता पड़ रही है।
पटवारियों की दो दिवसीय हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण लोगों को पटवारियों से संबंधित कार्यों के लिए अब और इंतजार करना पड़ेगा। एसोसिएशन ने हड़ताल को दो दिन और बढ़ा दिया है।
हड़ताल का नेतृत्व दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के जिला प्रधान राजवीर गुलिया ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अलग-अलग कार्यों के लिए कई पोर्टल चलाए जा रहे हैं। एक ही काम के लिए दो से तीन पोर्टल होने के कारण पटवारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार पोर्टल सही तरीके से काम नहीं करते, जिससे ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में काफी समय लगता है और लोगों के काम लंबित रहते हैं।
उन्होंने कहा कि डीसीएस पोर्टल में भी कई तकनीकी खामियां हैं। पोर्टल पर काम करते समय बार-बार तकनीकी दिक्कत आने से कार्य प्रभावित होता है। इसके अलावा पटवारियों के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। इससे काम का दबाव बढ़ रहा है और लोगों को समय पर सेवाएं देने में कठिनाई हो रही है।