पैरा एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से पहले साई केंद्र में मौजूद तीरंदाजों का दल। स्रोत : साई सो
सोनीपत। बहालगढ़ स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र से मंगलवार को पैरा तीरंदाजों का दल पैरा एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए चीन के हांगझोऊ रवाना हो गया। 13 सदस्यीय दल में छह खिलाड़ी हरियाणा से हैं। खिलाड़ियों का दल साई में अभ्यास कर रहा था।
साई की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने बताया कि पैरा एशियन गेम्स की टीम शिविर में अभ्यास कर रही थी। मंगलवार को टीम के सदस्यों को दिल्ली के लिए रवाना हुए। वहां से टीम हांगझोऊ रवाना हो गई। उन्होंने बताया कि टीम में जहां वरिष्ठ खिलाड़ी हैं वहीं युवा सदस्य भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रिकर्व पुरुष टीम में धन्ना राम गोदारा (राजस्थान), हरविंद्र सिंह (हरियाणा) व साहिल (हरियाणा), रिकर्व महिला टीम में पूजा (हरियाणा), पूजा खन्ना (हरियाणा), कंपाउंड पुरुष टीम में राकेश कुमार (जम्मू-कश्मीर), श्याम सुंदर स्वामी (राजस्थान), सूरज सिंह (एसएससीबी), कंपाउंड महिला टीम में शीतल देवी (जम्मू कश्मीर), ज्योति (उत्तर प्रदेश), सरिता (हरियाणा) के साथ ही डब्ल्यू वन पुरुष टीम में शामिल आदिल मोहम्मद नाजिर अंसारी (महाराष्ट्र) व नवीन दलाल (हरियाणा) चीन के लिए रवाना हुए। हाई परफार्मेंस डायरेक्टर संजीवा सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।