सोनीपत। हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय, राई में चल रही कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) में रोमांच मुकाबले देखने के लिए मिल रहे हैं। मीटू शर्मा की बेहतरीन रेडिंग के दम पर पानीपत पैंथर्स ने करो या मरो के मुकाबले में करनाल किंग्स को 48-37 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
वीरवार देर शाम को खेले गए मुकाबले में चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों टीमों के लिए जीत अनिवार्य थी। इसी के चलते मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर देखने को मिले। करनाल किंग्स की ओर से सुरेंद्र गिल और अक्षीत ने रेडिंग की जिम्मेदारी संभाली, जबकि पानीपत के लिए मीटू शर्मा और नरेंद्र कंडोला ने सटीक जवाब दिया। पहले रणनीतिक टाइमआउट तक करनाल 9-7 की मामूली बढ़त बनाए हुए था।
मीटू की सुपर रेड से बदला मैच का रुख
दूसरे क्वार्टर में मीटू शर्मा ने मैच की तस्वीर ही बदल दी। उन्होंने शानदार पांच अंकों की सुपर रेड लगाकर करनाल किंग्स को महज दो खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया। इसके बाद सुरेंद्र गिल की खाली रेड और अगली ही रेड में उनका आउट होना करनाल पर भारी पड़ा। पानीपत के डिफेंस ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए ऑल-आउट कर स्कोर 16-11 कर दिया।
यहीं से पैंथर्स का दबदबा कायम हो गया। एक और ऑल-आउट के साथ स्कोर 25-12 पहुंचा और इसी दौरान मीटू शर्मा ने अपना सुपर-10 भी पूरा कर लिया। हाफ टाइम तक पानीपत पैंथर्स 25-15 की मजबूत बढ़त के साथ आगे थे।
दूसरा हाफ पूरी तरह मीटू शर्मा के नाम
दूसरे हाफ की शुरुआत भी मीटू शर्मा की एक और सुपर रेड से हुई, जिसने करनाल को फिर ऑलआउट की कगार पर पहुंचा दिया और स्कोर 35-17 हो गया। करनाल किंग्स ने वापसी की कोशिश की, जब पवन हुड्डा ने सुपर रेड लगाई और पानीपत को कुछ देर के लिए दबाव में डाला।
करनाल ने पानीपत को उनका पहला ऑल-आउट भी दिया लेकिन अंक अंतर इतना बड़ा हो चुका था कि वापसी संभव नहीं हो सकी। पानीपत पैंथर्स ने मुकाबला 48-37 से अपने नाम कर लिया। मुकाबले में रेडर ऑफ द मैच पानीपत के मीटू शर्मा व डिफेंडर ऑफ द मैच करनाल के हर्ष रहे।
फोटो : सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विवि में केसीएल में भिड़ते खिलाड़ी। स्रोत: प्रवक्ता