फोटो 14: सोनीपत के खरखौदा स्थित परशुराम पार्क में आयोजित पंचायत में पहुंचे खरखौदा हलके के लोग।
खरखौदा। भविष्य में गोहाना के जिला बनने पर खरखौदा को इसका हिस्सा बनाए जाने की चर्चाओं से आशंकित लोगों ने रविवार को परशुराम पार्क में पंचायत कर अपना पक्ष रखा।
पंचायत में इस संघर्ष काे आगे बढ़ाने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया, जबकि 30 लोगों को इसका संयोजक नियुक्त किया गया।
पंचायत सदस्यों ने खरखौदा को सोनीपत का ही हिस्सा रखने पर जोर दिया। साथ ही फिर से दोहराया कि वर्तमान में खरखौदा अपने आप में जिला बनने की स्थिति में पहुंच चुका है। ऐसे में इसे जिला बनाया जाना चाहिए। वह गोहाना को जिला बनने से नहीं रोक रहे हैं। इस कार्रवाई का वह स्वागत भी करते हैं, लेकिन सरकार की तरफ से एक आधिकारिक बयान जरूर देना चाहिए, जिससे खरखौदा वासियों की आशंका समाप्त हो सके।
लोगों ने कहा कि पंचायत का हिस्सा न केवल विधायक को होना चाहिए था, बल्कि सांसद को भी आना चाहिए, क्योंकि वह हमारा प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस मुद्दे पर कहीं भी राजनीति नहीं हो रही है। सर्व समाज खरखौदा को सोनीपत में ही रखना चाहता है, लेकिन भाजपा के पदाधिकारी राजनीति करने पर उतर आए हैं। पंचायत में सभी ने फैसला लिया कि वह किसी भी सूरत में सोनीपत को छोड़कर गोहाना का हिस्सा नहीं बनेंगे। इसके लिए गांव स्तर पर जाकर ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव करवाएंगे। संवाद