भठगांव में पौधरोपण करके ऑक्सीजन बाग का शुभारंभ डीसी श्यामलाल पूनिया, साथ में अंडरट्रेनी आईएएस स?
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। गांव भठगांव में डीसी श्यामलाल पूनिया ने रविवार को प्रदेश के 10वें ऑक्सीजन बाग का शुभारंभ किया। इस दौरान डीसी ने पौधरोपण करते हुए युवाओं को अधिक से अधिक ऑक्सीजन बाग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन बाग में बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण में कमी आएगी। पर्यावरण मित्र मंडली की ओर से ट्री-मैन देवेंद्र सूरा के प्रयासों से गांव भठगांव की 10 एकड़ भूमि में दादा कराऊ के नाम पर ऑक्सीजन बाग को विकसित किया जा रहा है। पहले ही दिन बाग में 100 से अधिक प्रजातियों के 5600 पौधे लगाए गए। डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि पंचायती भूमि पर कब्जे की जगह ग्रामीणों को पौधरोपण को बढ़ावा देना चाहिए।
डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि भठगांव की देव भूमि में दादा कराऊ के नाम पर ऑक्सीजन बाग स्थापित किया गया है जो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण के केंद्र के रूप में पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि जिले के हर गांव में पंचायती भूमि पर ऑक्सीजन बाग की स्थापना के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसमें युवाओं का सहयोग अपेक्षित रहेगा। असिस्टेंट कमिश्नर (यूटी) सलोनी शर्मा ने कहा कि पर्यावरण परिवार की तरफ से दसवें ऑक्सीजन बाग को स्थापित करने व लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए अनूठी पहल की शुरुआत की गई है। प्राध्यापिका भूमिका शर्मा ने कहा कि पर्यावरण परिवार की तरफ से एक घर एक पौधा पहल अनुकरणीय है।
इस मौके पर ट्री-मैन देवेंद्र सूरा ने कहा कि शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण परिवार की तरफ से बाग स्थापित किया जा रहा है। भठगांव से घर-घर से एक सदस्य बाग में अपने हाथों से एक-एक पौधा रोपित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनता नर्सरी की तरफ से नि:शुल्क में पौधे दिए जाते हैं। गांव-गांव जाकर पौधरोपण करने के साथ ऑक्सीजन बाग तैयार करने की रूपरेखा तैयार की गई हैं। इस दौरान पुलिस में चयनित छात्राओं व हिंदू गर्ल्स कालेज की एनएसएस इकाई की छात्राओं ने प्रभारी माया चौधरी के नेतृत्व में पौधरोपण किया। साथ ही प्राध्यापक सुभाष सिसोदिया, प्राध्यापिका भूमिका शर्मा, परिमल, धर्मप्रकाश दहिया, भलिया देवी, चरखी दादरी से अजेश सांगवान, रेवाड़ी से राजकुमार, पर्यावरण मित्र सुमित, सागर, हकीकत आदि ने भी पौधरोपण किया।