फोटो कैप्शन 22 सफीदों 3 गांव सिवाना माल से बागडू खुर्द को जोड़ने वाली सड़क पर खड़ी झाड़ियां। सं
सफीदों। गांव सिवाना माल से बागडू खुर्द को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिवाना माल के समीप सड़क के दोनों ओर लंबे समय से खड़ी झाड़ियों ने रास्ते को संकरा कर दिया है। खासकर अंधे मोड़ों पर झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते।
ग्रामीण राज कुमार, दिनेश कुमार, रोहताश, राजीव, मनीष, अमित और दीपक ने बताया कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों की लंबे समय से कटाई नहीं हुई है। बरसात के मौसम में झाड़ियां तेजी से बढ़कर सड़क की ओर फैल गई हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और दो वाहनों के एक साथ निकलने में भी परेशानी होती है। कई बार वाहनों को एक-दूसरे को रास्ता देने के लिए सड़क से नीचे उतारना पड़ता है।
अचानक झाड़ियों के बीच से पशु या राहगीर निकलने पर वाहन चालक को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। कम दृश्यता के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। इस मार्ग से स्कूली बच्चों, बाइक सवारों और साइकिल चालकों का भी आवागमन होता है।
ग्रामीणों के अनुसार, झाड़ियों के कारण सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है। पंचायत की ओर से लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अब तक झाड़ियों की सफाई नहीं करवाई गई।
पंचायत के पास सफाई के लिए बजट नहीं : सरपंच
गांव सिवाना माल के सरपंच रामनिवास ने बताया कि इस तरह के कार्यों के लिए ग्राम पंचायत के पास अलग से बजट नहीं होता। सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई करवाना लोक निर्माण विभाग का काम है। पंचायत की ओर से पहले भी विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया था। अब दोबारा अधिकारियों को पत्राचार कर झाड़ियों को हटाने की मांग की जाएगी।