फोटो 04- सोनीपत के राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के खिलाड़ी अधिकारियों के साथ पदक दिख
सोनीपत। इंडियन पब्लिक स्कूल चैंपियनशिप (आईपीएससी) में राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के घुड़सवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण सहित 24 पदक जीते। यह प्रतियोगिता इंडियन पब्लिक स्कूल कांफ्रेंस की तरफ से मेयो कॉलेज अजमेर में आयोजित की गई थी। जिसमें देश भर से पहुंचे 260 घुड़सवारों ने हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा दिखाई।
आईपीएससी चैंपियनशिप का आयोजन 3 से 7 फरवरी तक अजमेर में किया गया। इसमें देश भर से सात टीमों के 260 खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए अपनी घुड़सवारी के हुनर दिखाए। इसमें पंजाब पब्लिक स्कूल, मॉडर्न स्कूल दिल्ली, द डेली कॉलेज इंदौर, असम वैली, मेयो कॉलेज अजमेर व मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई शामिल रहे। सभी घुड़सवारों ने जीत के लिए एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वंश ने दो स्वर्ण, एक रजत व दो कांस्य पदक अपने नाम किए। हनुश्री ने कांस्य पदक, सक्षम ने दो कांस्य पदक, नकुल ने एक रजत पदक, किट्टू ने कांस्य, मानवी ने कांस्य, तेजल ने एक रजत, मयंक ने दो स्वर्ण, मरुधवी व विश्वास ने कांस्य, नीति ने कांस्य व सोनाली ने रजत पदक अपने नाम किए। खेल स्कूल राई की निदेशक एवं प्रधानाचार्य मौशमी घोषाल ने विजेता घुड़सवारों को जीत की बधाई दी और निकट भविष्य में भी इसी तरह देश, प्रदेश व स्कूल का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।