गन्नौर। उप डाकघर को लघु सचिवालय में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का कोट मोहल्ला सहित आसपास के लोगों ने विरोध किया है। उपभोक्ताओं ने इसे जनहित के विपरीत बताते हुए स्थानीय विधायक से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
तपिश व अनिल कुमार ने बताया कि वर्तमान उप डाकघर कोट मोहल्ला, गढ़ी केसरी, वाल्मीकि मोहल्ला, डाकोत मोहल्ला, कुम्हार मोहल्ला, प्रधानावास मोहल्ला, राम मंदिर क्षेत्र, रेहड़ा बस्ती व लाला गढ़ी सहित पांच से छह वार्डों की बड़ी आबादी को सेवाएं दे रहा है।
यहां पत्र व्यवहार के साथ बैंकिंग, बीमा, आरडी, नकद जमा-निकासी व विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य होते हैं। उपभोक्ताओं ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग अभी भी डिजिटल बैंकिंग से वंचित हैं। डाकघर ही उनके लिए एकमात्र भरोसेमंद वित्तीय माध्यम है।
बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए वर्तमान स्थान पर पहुंच आसान है जबकि स्थानांतरण से उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। उपभोक्ताओं ने मांग करते हुए कहा कि उप डाकघर को वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखा जाए।