सोनीपत/गन्नौर। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग अधिकारी एवं कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर सोमवार को जिओ फेसिंग एप के विरोध में सभी नागरिक अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने काले बिल्ले लगाकर काम किया।
जिला संयोजक डॉ. नितिन फलस्वाल ने बताया कि सरकार बिना किसी संसाधन या पूर्व सहमति के जबरन जियो फेसिंग प्रणाली को लागू कर रही है जो न केवल कर्मचारियों के अधिकारों का हनन है बल्कि सुप्रीम कोर्ट की निजता संबंधी टिप्पणियों का भी उल्लंघन है।
अगर सरकार ने अपनी नीति नहीं बदली तो जल्द ही बड़ा और निर्णायक आंदोलन शुरू किया जाएगा। चिकित्सकों ने कहा कि जब कर्मचारी पहले ही बायोमीट्रिक हाजिरी लगा रहे हैं तो जियो फेसिंग एप से हाजिरी लगवाने की जरूरत नहीं है।
यह एप कर्मचारियों की निजता का हनन करता है। यह एप केवल स्वास्थ्य विभाग में ही क्यों लागू किया जा रहा है। 4 अगस्त को सुबह 10 से 11 बजे तक एक घंटे का कार्य बहिष्कार कर सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों का विरोध करेंगे।