खरखौदा। संघर्ष समिति ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में क्षेत्र के लोगों के साथ बैठक की। इसकी अध्यक्षता पृथ्वी सिंह पंवार ने की।
सभी ने बैठक में सर्वसम्मति से गोहाना को भविष्य में जिला बनाए जाने की घोषणा का स्वागत किया, लेकिन खरखौदा को उसमें शामिल करने का विरोध किया।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि खरखौदा की सोनीपत से दूरी मात्र 18 किलोमीटर है, जबकि गोहाना 42 किलोमीटर दूर है। ऐसे में खरखौदा को गोहाना में शामिल करना यहां के साथ अन्याय होगा। संघर्ष कमेटी ने गांव-गांव जाकर जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि 20 से 25 मई तक गांव सिसाना, खांडा, रोहणा, बरोना, निरथान, नकलोई, गोपालपुर, सोहटी, फिरोजपुर व जटोला में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि आईएमटी आने के बाद खरखौदा का तेजी से विकास हुआ है। ऐसे में खरखौदा को ही जिला बनाया जाना चाहिए। अगर गोहाना में खरखौदा को शामिल किया जाएगा तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
यदि क्षेत्र के साथ भेदभाव हुआ तो क्षेत्र की जनता सड़कों पर उतरकर विरोध जताएगी। बैठक में विकेश दहिया, हंसराज, मास्टर राजेंद्र सिंह, रोहतास दहिया, रामदिया, सुरेश जटोला मौजूद रहे।