सोनीपत। जिले के महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए सोमवार से ओपन काउंसिलिंग शुरू हो गई। दाखिले से वंचित विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने अंतिम मौका देते हुए ऑनलाइन पोर्टल फिर खोल दिया है। विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण से लेकर फीस जमा करवा सकेंगे। इनमें वे विद्यार्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने अब तक पंजीकरण नहीं कराया या पहली व दूसरी मेरिट सूची में नाम आने के बावजूद फीस जमा नहीं कराई थी।
पहले दिन कॉलेजों में दाखिले के लिए विद्यार्थियों की संख्या कम रही। संशोधित शेड्यूल के अनुसार विद्यार्थी 16 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ दाखिला ले सकेंगे। इसके बाद 17 से 23 अगस्त तक भी दाखिले का अवसर मिलेगा। इस अवधि में विद्यार्थियों को प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।
40 से 50 फीसदी सीटों पर दाखिले बाकी
जिले के अधिकतर महाविद्यालयों में अभी 40 से 50 फीसदी सीटों पर दाखिले होने बाकी हैं। ऐसे में खाली सीटों को भरना कॉलेज प्रबंधन के लिए चुनौती बना हुआ है। जिले के 23 महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 13,500 से अधिक सीटें निर्धारित हैं। इस बार सीबीएसई और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 21,203 है। अधिकांश महाविद्यालयों में 80 से 90 फीसदी सीटों के लिए विद्यार्थियों का पंजीकरण हो चुका है, लेकिन पंजीकरण के अनुपात में दाखिले की प्रक्रिया गति नहीं पकड़ सकी है।
स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए दोबारा पोर्टल खोलने के साथ प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। शेष सीटों पर ओपन काउंसिलिंग के तहत विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर दाखिला फीस जमा करवाकर कॉलेज में प्रवेश ले सकते हैं। 16 अगस्त तक विद्यार्थियों को 100 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
डॉ. सीमा गर्ग, प्राचार्य, हिंदू महाविद्यालय