फोटो 11- सोनीपत के मुरथल स्थित जलघर के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच करते मेयर राजी
सोनीपत। शहरभर में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करवाने के लिए नगर निगम मेयर राजीव जैन ने रविवार को मुरथल स्थित जलघर का निरीक्षण किया। मेयर को जांच में मिला कि सात में से दो ट्यूबवेल ही चालू हालत में मिले। साथ ही जलघर में कई खामियां पाई गईं। ऐसे में मेयर ने नगर निगम के अधिकारियों पर भड़कते हुए अप्रैल के अंत तक सभी ट्यूबवेल को चालू करवाने के निर्देश दिए।
मेयर रविवार दोपहर को पार्षद हरिप्रकाश सैनी के साथ मुरथल स्थित जलघर का निरीक्षण करने पहुंचे, तो ट्यूबवेलों की हालत दयनीय मिली। पैनल बॉक्स टूटे पड़े थे। पैनल बॉक्स में मीटर भी नहीं लगे थे। इसके अलावा फ्यूज के तार खराब मिले। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले नया ट्रांसफार्मर रखने के बावजूद उसके कनेक्शन आज तक नहीं जोड़े गए। यही कारण है कि ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं। वहीं जांच के दौरान दो 40 हॉर्स पावर मोटर के स्टार्टर भी नहीं मिले। जलघर में खामियां मिलने पर मेयर नगर निगम अधिकारियाें पर भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को 10 दिन का समय देते हुए जलघर की सभी व्यवस्था को दुरुस्त करवाने के साथ सातों ट्यूबवेल को चालू करवाने के निर्देश दिए।
बारिश में मुरथल के डीप ट्यूबवेल पर निर्भर रहती है शहर की पेयजल आपूर्ति
मेयर ने बताया कि कुछ वर्ष पहले तक पूरे शहर की पेयजल आपूर्ति मुरथल जलघर से की जाती थी। अब मुरथल जीटी रोड के आसपास की कॉलोनियों व शहर के बूस्टिंग स्टेशनों पर पानी ट्यूबवेलों से जाता है। जब बारिश के दिनों में जाजल रेनीवेल में समस्या हो जाती है तो शहर की पेयजल आपूर्ति पूर्ण रूप से मुरथल के डीप ट्यूबवेल पर निर्भर रहती है। समस्या निकट आने पर ही समाधान खोजने का कोई अर्थ नहीं है, इसलिए सभी ट्यूबवेल जल्द शुरू करवाए जाएंगे।
नगर निगम अधिकारियों को जलघर की सभी व्यवस्थाएं ठीक करवाने, ट्यूबवेलों पर लाइट न हो तो जनरेटर की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए गए हैं। वर्ष 2021 के बाद ट्यूबवेल चलाने का रिकॉर्ड भी नहीं पाया गया। कर्मचारियों को रोजाना लॉगबुक भरने के निर्देश दिए, ताकि पता चल सके कि कितने घंटे ट्यूबवेल चलाए गए हैं। -राजीव जैन, मेयर, नगर निगम, सोनीपत।
फोटो 11- सोनीपत के मुरथल स्थित जलघर के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच करते मेयर राजी