सोनीपत। बीसवां मील-बहादुरगढ़ स्टेट हाईवे इन दिनों अपनी जर्जर अवस्था और लगातार बढ़ रही जलभराव की समस्या के कारण चर्चा में है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवे पर जमा पानी बारिश का नहीं बल्कि आसपास की कॉलोनियों और औद्योगिक क्षेत्र से आ रहा है। यह पानी इस समस्या को और गंभीर बना रहा है।
बुधवार को बीसवां मील में अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में लोगों ने बताया कि कई कॉलोनियों में लगाए गए सबमर्सिबल पंप लगातार चलते रहते हैं, जिसके चलते पानी सीधे सड़क पर आकर खड़ा हो जाता है। सड़क पर पानी भरने के साथ कीचड़, गड्ढे और फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। बीसवां मील मार्केट के प्रधान लाजपत ने कहा कि सड़क पर पानी भरा रहने से स्थित विकट हो चुकी है। क्षेत्र में दुकानदारी प्रभावित हो रही है। यहां नाले गंदगी से अटे रहते हैं। निकासी का प्रबंध नहीं होने पर स्थिति बिगड़ जाती है। कॉलोनियों में पानी आपूर्ति के लिए सबमर्सिबल नहीं होने चाहिए।
विशाल, विष्णु व पिंटू ने कहा कि जनवरी, 2018 में इस मार्ग का निर्माण करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये में हुआ था। वर्ष 2020 में फिर से ढाई करोड़ रुपये खर्च किए गए। वर्ष 2021 में 45 लाख रुपये गड्ढे भरने पर खर्च किए गए। यहां निकासी का कोई प्रबंध नहीं हो पाता। इससे यह रोड फिर से टूट जाता है।
शंभू भगत व मदन ने कहा कि लंबे समय पहले हाईवे किनारे दो हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए थे। हालांकि अब वह भी बंद हो चुके हैं। हाईवे पर रखरखाव की दिशा में ठोस पहल होनी चाहिए।
ब्रज चौहान, विशाल सिंह व मुकेश ने बताया कि बहादुरगढ़ हाईवे का रखरखाव तीन विभागों पीडब्ल्यूडी, एचएसआईआईडीसी और नगर निगम के बीच फंसकर रह गया है। तीनों के अलग-अलग अधिकार क्षेत्र होने के कारण कोई भी विभाग समन्वित रूप से समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है। परिणामस्वरूप हाईवे की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है।
लोगों का कहना है कि इस समस्या से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को एक साथ बैठकर प्रभावी और दीर्घकालिक पानी निकासी प्रणाली तैयार करनी होगी। कॉलोनियों व औद्योगिक क्षेत्रों की ड्रेनेज व्यवस्था सुव्यवस्थित हो जाए तो हाईवे पर पानी जमा होने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। श्रीभगवान व पप्पू ने कहा कि उम्मीद है कि संयुक्त प्रयासों से न केवल सड़क की हालत सुधरेगी बल्कि क्षेत्र में आवागमन भी सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। फिलहाल बीसवां मील-बहादुरगढ़ हाईवे के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मार्ग का उद्धार ठेकेदार से कराने की घोषणा की है। सभी को उम्मीद है कि समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा।
फोटो :11: सोनीपत के बीसवां मील में अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में शामिल क्षेत्रवासी व दुकानदा