संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ट्रिब्यूनल, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की ओर से आमजन की सुविधा और डिजिटल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑनलाइन अपील फाइलिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से नागरिक अब अपनी अपील घर बैठे ऑनलाइन दायर कर सकेंगे।
जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह ने बताया कि अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध जिला नगर योजनाकार की ओर कार्रवाई की जाती है। इस संबंध में जिला नगर योजनाकार को निदेशक, नगर एवं ग्राम आयोजना, हरियाणा की ओर से अधिकृत किया गया है।
ऐसी कार्रवाई के विरुद्ध प्रभावित व्यक्तियों को अधिकरण (ट्रिब्यूनल) के समक्ष अपील दायर करने का अधिकार प्राप्त है। पूर्व में अपील केवल अधिकरण कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या अधिवक्ता के माध्यम से भौतिक रूप में प्रस्तुत करनी पड़ती थी।
इससे नागरिकों को काफी परेशानी होती थी। इसके अतिरिक्त समय एवं आर्थिक व्यय भी अधिक होता था। अब इस प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी व आधुनिक बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन अपील दायर करने की व्यवस्था शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के लागू होने से नागरिक अब बिना किसी अनावश्यक परेशानी के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी अपील दर्ज कर सकेंगे। अपीलकर्ताओं को अपने मामलों की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने में भी सुविधा होगी।
इससे प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी व नागरिकों एवं विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा। नागरिक निर्धारित पोर्टल Https://tcpharyana.gov.in के माध्यम से अपनी अपीलें ऑनलाइन दायर कर सकते हैं।