संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने महाविद्यालयों में रिक्त सीटों को भरने के लिए एक बार पुन: पोर्टल खोला है। इस बार पोर्टल पर स्नातक ही नहीं बल्कि स्नातकोत्तर तक के दाखिले से वंचित छात्र आवेदन कर दाखिला पा सकेंगे। पोर्टल पर आवेदन करने के साथ स्नातक प्रथम, द्वितीय, तृतीय व स्नातकोत्तर प्रथम, द्वितीय वर्ष की कक्षाओं में विद्यार्थियों को दाखिला मिल सकेगा।
निदेशालय की ओर से पोर्टल को 27 अक्तूबर तक खोला गया है। वहीं पोर्टल खुलने के बावजूद महाविद्यालयों में चल रहे अवकाश के कारण एक भी छात्र दाखिला लेने के लिए नहीं पहुंचा। ऐसे में महाविद्यालय प्रबंधन को रिक्त सीटें भरने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ रहा है।
व्हाट्सएप ग्रुप, फोन व अन्य माध्यम से विद्यार्थियों को पोर्टल खुलने के बारे में अवगत कराया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी अंतिम अवसर का फायदा उठाकर दाखिला ले सकें। जिला के 23 राजकीय, निजी, एडिड महाविद्यालयों में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए 13562 सीटें तय की गई थी।
तीन चरणों की दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बावजूद महाविद्यालयों में करीब 35 से 45 फीसदी सीटें रिक्त पड़ी हैं। इस वजह से महाविद्यालय प्रबंधन की चिंता बढ़ गई थी। उच्चतर शिक्षा निदेशालय से दाखिला प्रक्रिया बढ़ाने की मांग की जा रही थी।
निदेशालय ने महाविद्यालय प्रबंधन व विद्यार्थियों को राहत देते हुए पुन: दाखिला प्रक्रिया शुरू की है। पाेर्टल को स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की सभी कक्षाओं के लिए खोला है।
महिला महाविद्यालय में फिलहाल 370 सीटें रिक्त
महाविद्यालयाें में दाखिले के लिए प्रथम चरण के तहत 19 मई को पोर्टल खोला गया था। 9 जून तक आवेदन प्रक्रिया जारी रही। इसके बाद 18 जून को प्रथम, 25 जून को द्वितीय व 1 जुलाई को तृतीय कट ऑफ लिस्ट जारी की गई थी। तीन चरणों की दाखिला प्रक्रिया के बावजूद महाविद्यालयों में 35 से 45 फीसदी सीटें रिक्त रह गई थीं। अब 27 अक्तूबर तक छात्रों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर रिक्त सीटों दाखिला देकर उन्हें भरने का लक्ष्य रखा गया है। सोनीपत के राजकीय महिला महाविद्यालय में स्नातक की कुल 680 सीटाें में से 330 सीटें रिक्त हैं, जबकि स्नातकोत्तर में 160 सीटों में से 40 सीटें रिक्त पड़ी हैं।
वर्जन
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने स्नातक प्रथम, द्वितीय, तृतीय व स्नातकोत्तर प्रथम, द्वितीय वर्ष के लिए दाखिला प्रक्रिया फिर से प्रारंभ की है। दाखिले से वंचित छात्र 27 अक्तूबर तक पोर्टल पर आवेदन व फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकते हैं। विद्यार्थियों को विभिन्न माध्यम से पोर्टल खुलने के बारे में अवगत कराया जा रहा है। पोर्टल खुलने से रिक्त सीटों को भरने की उम्मीद है।-डॉ. नरेश कुमार, प्राचार्य, महिला महाविद्यालय, सोनीपत