गन्नौर। गांव बली कुतुबपुर के खेत में बने कमरे में किसान रविंद्र उर्फ रवीश की सिर में ईंट मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बली कुतुबपुर निवासी बिजेंद्र को गिफ्तार कर लिया है। खुबडू झाल चौकी प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी से पकड़ से बाहर अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जाएगी।
इससे पहले सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद रविंद्र उर्फ रवीश का उनके पैतृक गांव बली कुतुबपुर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले को लेकर गांव बली कुतुबपुर निवासी सुंदर ने गन्नौर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनके ताऊ के बेटे रविंद्र उर्फ रवीश खेतीबाड़ी करते थे।
शनिवार रात वह खेतों की ओर गए थे जहां उन्होंने रवींद्र को गांव के ही बिजेंद्र, दीपक और अर्जुन के साथ बैठकर शराब पीते देखा था। इसके बाद रविंद्र रातभर घर नहीं लौटे थे। रविवार को तलाश के दौरान दोपहर के समय रविंद्र का शव खेत में बने कमरे में खून से लथपथ मिला था। उनके सिर पर ईंट से किए गए गंभीर वार के निशान थे। संवाद