खरखौदा/सोनीपत। लगातार तीसरे दिन छाए घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। कोहरे में सोमवार सुबह कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मारुति कंपनी के कर्मचारियों को लेकर जा रही एक निजी बस पाई गांव के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा उस समय हुआ जब कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी और बस चालक को आगे चल रहा एक वाहन नजर नहीं आया। वहीं, कुछ दूर मारुति के जापानी डीपीएम काजुहीको सुजुकी भी हादसे में घायल हो गए।
सोमवार सुबह अलग-अलग गांवों से मारुति कंपनी के कर्मियों को लेकर कंपनी में आ रही निजी बस अचानक आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में बस में सवार करीब 13 कर्मचारी घायल हो गए। बस में 40 कर्मी सवार थे। टक्कर में कुछ यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस व राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को खरखौदा के सरकारी व निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया। हादसे के चलते केएमपी एक्सप्रेस वे पर कुछ समय के लिए वाहनों की कतार लग गई।
जापानी अधिकारी भी हादसे में घायल
केएमपी एक्सप्रेस-वे पर हुए एक अन्य हादसे में मारुति कंपनी के डीपीएम काजुहीको सुजुकी भी घायल हो गए। मूलरूप से जापान निवासी काजुहीको सुजुकी सोमवार सुबह केएमपी एक्सप्रेस-वे के रास्ते आईएमटी खरखौदा स्थित मारुति प्लांट जा रहे थे। पाई गांव के पास उनकी स्विफ्ट डिजायर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें स्पाइनल कॉर्ड, कमर और सिर में चोटें आईं जबकि चालक वीरेंद्र को हल्की चोट लगी। दोनों को सोनीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाषा संबंधी दिक्कत के चलते काजुहीको सुजुकी बाद में इलाज के लिए मानेसर रवाना हो गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
खरखौदा थाना प्रभारी पवन मलिक ने बताया कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ है। बस जिस वाहन से टकराई उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
कोहरे की चादर से जनजीवन प्रभावित
लगातार तीसरे दिन घने कोहरे ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। सोमवार सुबह दृश्यता घटकर मात्र 5 मीटर तक सिमट गई। सुबह पांच बजे से लेकर दस बजे तक वाहन सडक़ों पर रेंगते नजर आए। मौसम विशेषज्ञ डॉ. प्रेमदीप के अनुसार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार दोपहर बाद समाप्त हो गया है। अब हवा चलने की संभावना है, जिससे कोहरे में कमी आने के साथ-साथ प्रदूषण स्तर में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट
डॉ. प्रेमदीप का कहना है कि आने वाले दिनों में तेज हवा के कारण सुबह के समय तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है जबकि दिन में धूप खिली रहेगी। 20 दिसंबर को एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है जिससे आंशिक बादल छा सकते हैं। सोमवार को जगदीशपुर केंद्र पर अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सरगथल में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया। यह हिसार के बाद प्रदेश में दूसरा न्यूनतम तापमान है। दिन में आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवा चलती रही।
फोटो 38: सोनीपत में राई के पास जीटी रोड पर छाया हुआ कोहरा। संवाद
फोटो 38: सोनीपत में राई के पास जीटी रोड पर छाया हुआ कोहरा। संवाद