सोनीपत। पेरिफेरेल-वे (केजीपी) पर जाखौली टोल प्लाजा के पास कार की पिकअप से हुई टक्कर में तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। हादसे से दो परिवारों में मातम छाया हुआ है। हादसे में मरने वाला चार साल का भार्गव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
गांव सिसाना निवासी नरेश कुमार के घर में कल तक खुशी का माहौल था। पूरा परिवार धार्मिक यात्रा पर जाने की तैयारी में जुटा हुआ था। जाने के उत्साह में जरूरी एक-एक सामान एकत्रित किया गया था, लेकिन एक ही झटके में ही मंजर बदल गया। कार सड़क पर खड़ी पिकअप में टकरा गई।
विज्ञापन
कार नई थी। जाहिर है कि उसमें एयरबैग दुरुस्त थे लेकिन सिर्फ चालक साइड का ही एयरबैग खुला। दरअसल गाड़ी का एयरबैग सेंसर के संकेत पर खुलता है। सेंसर तभी काम करते हैं जब गाड़ी के आगे साइड पर बैठे व्यक्ति सीट बेल्ट लगाए हुए हों।
नरेश के पिता धर्मबीर सिंह जिस साइड पर बैठे थे उस तरफ का एयरबैग नहीं खुला है जिससे लगता है कि वे सीट बेल्ट नहीं लगाए थे। घटना में अपने पिता धर्मबीर एवं बेटी अविका को खोने वाले नरेश का बुरा हाल है। भांजे भार्गव की मौत ने भी उनको झकझोर कर रख दिया है। भार्गव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
हादसे ने दो परिवार को मातम में डूबो दिया है। घटना के बाद गांव के लोग भी गमगीन हैं। रोते-बिलखते मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाने की कोशिश करने वालों की भी आंखें आंसू भर आ रही हैं।