गोहाना। गांव लाठ में डेढ़ साल के मासूम को गोली लगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच की तो गोली चलाने का आरोप मासूम के पिता पर लगा है। खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराए गए मासूम बच्चे की मां व दादा ने पुलिस के सामने कोई बयान देने से इंकार कर दिया। जिस पर सदर गोहाना थाना पुलिस ने जांच अधिकारी के बयान पर मासूम के पिता के खिलाफ हत्या की कोशिश व अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गोहाना सदर थाना में नियुक्त एएसआई नीरज ने पुलिस को बताया कि 12 अप्रैल को जानकारी मिली थी कि गांव लाठ में डेढ़ साल के बच्चे अयांश पुत्र अजय को गोली लगी है। उसे बीपीएस खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर वह टीम के साथ अस्पताल में पहुंचे। वहां पर बच्चे के साथ उनकी मां हिमांशी और दादा जोरा सिंह मिले। उन्होंने बताया कि अयांश का जन्म 27 अगस्त 2022 को हुआ था। बच्चे की उम्र 1 साल 7 महीने 18 दिन है।
पुलिस ने मामले को लेकर बच्चे की मां व दादा से पूछताछ की तो उन्होंने कोई भी बयान देने से मना कर दिया। उन्होंने मौखिक या लिखित कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस का कहना है बच्चे के परिजन जानबूझकर मामले को छिपा रहे थे। जिस पर पुलिस टीम गांव लाठ में बच्चे के घर पर पहुंची। वहां पर एफएसएल की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पड़े खून के नमूने लिए। पुलिस की जांच में सामने आया है कि डेढ़ साल के बच्चे को घर पर ही गोली लगी है। साथ ही पता लगा कि गोली उसके पिता अजय ने ही चलाई थी। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या की कोशिश व अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
गांव लाठ में बच्चे को गोली लगी है। बच्चे के परिजनों ने जानकारी देने से मना कर दिया है। एएसआई के बयान पर बच्चे के पिता के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चे के पिता के पास लाइसेंसी हथियार नहीं है।
इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, सदर थाना प्रभारी, गोहाना