गोहाना। गांव गढ़ी उजाले खां के शंकर की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी शंकर के दोस्त हैं। उन्होंने शंकर को हरिद्वार जाने के बहाने घर से बुलाया था। तीनों उसे गांव मुंडलाना से सिवाना रोड स्थित रजवाहे पर लेकर गए और वहां सिर और चेहरे पर ईंट मारकर हत्या कर दी थी। रुपये के लेन-देन को लेकर उनमें पहले कहासुनी हो चुकी थी।
30 मई की रात को नई बस्ती का सागर और अमित उर्फ मीठा शंकर को घर से बुलाकर ले गए थे। शनिवार रात को शंकर का शव गांव मुंडलाना से सिवाना के बीच रजवाहे में गली-सड़ी हालत में मिला था। मृतक के भाई की शिकायत पर सदर थाना गोहाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि शंकर की हत्या नई बस्ती के सागर, अमित और अंकित उर्फ सागर ने की थी। वे चारों दोस्त थे। सदर थाना के तहत मुंडलाना चौकी के प्रभारी कृष्ण ने बताया कि आरोपी शंकर को हरिद्वार जाने के बहाने से घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद वह उसे मुंडलाना के निकट रजवाहे पर लेकर गए और ईंट मारकर हत्या कर दी थी। मृतक की पहचान न हो पाए इसके लिए चेहरे को बुरी तरह से कुचल दिया था। शंकर के दाएं हाथ पर गुदे उसके नाम से पहचान हुई थी। शंकर अपने दोस्तों से रुपये मांगता था। रुपये के लेन-देने के चलते उनमें पहले कहासुनी हो चुकी थी। इसी के चलते हत्या की गई। पुलिस आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश करेगी।