एडीसी का अपना नामांकन पत्र सौंपते आनंद खत्री। संवाद
सोनीपत। नगर निगम चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन के आखिरी दिन इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) से आनंद कुमार, आम आदमी पार्टी से सत्यवीर सिंह और कांग्रेस से कवरिंग कैंडिडेट के रूप में प्रत्याशी कमल दिवान की पत्नी मेघा दिवान ने मेयर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके अलावा मेयर पद के लिए तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी एडीसी अजय चोपड़ा के पास जमा कराया। इस प्रकार मेयर के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में है। इसी तरह अंतिम दिन 85 उम्मीदवारों ने पार्षद के लिए नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में जमा कराया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी सह उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार नामांकन प्रक्रिया शनिवार को समाप्त हो गई है। अब नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को की जाएगी जबकि उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 28 अप्रैल निर्धारित है। इसी दिन प्रत्याशियों की अंतिम सूची भी प्रकाशित करते हुए चुनाव चिह्नों का आवंटन भी किया जाएगा।
मेयर के लिए इन्होंने किया नामांकन : भाजपा से राजीव जैन और दिव्यांक जैन, कांग्रेस से कमल दिवान और मेघा दिवान, इनेलो से आनंद कुमार, आप से सत्यवीर सिंह और निर्दलीय रामेश कुमार खत्री, संत धर्मवीर चोटीवाला, अनल सिंघल, हवा सिंह, चांद राम व कमलेश कुमार सैनी शामिल हैं।
एडीसी का अपना नामांकन पत्र सौंपते आनंद खत्री। संवाद