फोटो 15: सोनीपत में बाबा धाम के पास लगे शिविर में पेंशनधारकों के दस्तावेज की जांच करते क्षेत्र
सोनीपत। नगर निगम की ओर से पेंशनधारकों की सुविधा के लिए पेंशन सत्यापन किया जा रहा है। अब तक निगम प्रशासन की ओर से 20841 लोगों के पेंशन दस्तावेज सत्यापित किए जा चुके हैं। बाबा धाम के पास लगाए गए शिविर के अंतिम दिन 406 लोग पेंशन दस्तावेज सत्यापित कराने पहुंचे। पेंशनधारकों की सुविधा के लिए 3 फरवरी तक शिविर लगाने निर्णय लिया गया है।
क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ ने बताया कि पेंशनधारकों की सुविधा को देखते हुए 30 जनवरी को सेक्टर-14 स्थित सामुदायिक भवन में, 31 जनवरी को पुरानी कचहरी स्थित सामुदायिक भवन और 3 फरवरी को गोहाना राेड स्थित छोटूराम धर्मशाला में शिविर लगाया जाएगा। शिविर के दौरान पेंशनधारकों के मूल दस्तावेज की जांच की जा रही है। इन शिविरों में किसी भी वार्ड का पेंशनधारक पहुंचकर अपने दस्तावेजों की जांच कराए।
यह दस्तावेज लेकर शिविर में जाएं :
- परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी)।
- आधार कार्ड।
- पुराना पहचान पत्र या आयु प्रमाणपत्र।
- विवरण सहित बैंक कॉपी।
- दिव्यांगों के लिए प्रमाणपत्र।
- विधवा पेंशन है तो पति का मृत्यु प्रमाणपत्र।