कुंडली बॉर्डर पर किसान प्रीमियर लीग में शूटिंग बॉल खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। कृषि कानून रद्द कराने के लिए धरने पर बैठे किसानों के मनोरंजन और युवाओं को आंदोलन से जोड़ने के लिए किसान प्रीमियर लीग शुरू हो गया है। कुंडली बॉर्डर पर शुरू हुई लीग में शूटिंग बाल प्रतियोगिता में देशभर की 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीम को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 70 हजार और तीसरे व चौथे स्थान वाली टीम को 21-21 हजार रुपये का इनाम मिलेगा।
कुंडली बॉर्डर धरनास्थल पर पारकर मॉल के पास शुक्रवार से दो दिवसीय किसान प्रीमियर लीग शुरू हुई। अमेरिका की सिख संगत की तरफ से कराई जा रही लीग में शूटिंग बाल की हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान समेत अन्य राज्यों की 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पंजाब के खिलाड़ी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि उनको यहां किसान प्रीमियर लीग होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ खेलने आए हैं। उन्होंने बताया कि यहां पहले भी खेल प्रतियोगिताएं कराई गई थी जो काफी अच्छे तरीके से कराई गई तो अब यह किसान प्रीमियर लीग भी काफी अच्छी व्यवस्थाओं के साथ कराई जा रही है। बलबीर सिंह खालसा ने बताया कि किसान आंदोलन में युवाओं व अन्य को बुलाने के लिए किसान प्रीमियर लीग कराई जा रही है। क्योंकि जिस तरह से खेल हो रहे हैं, उसको देखने के लिए काफी युवा आ रहे हैं।