सोनीपत। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने बताया कि जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक सुभाष स्टेडियम में मनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों की ड्यूटी लगाते हुए निर्देश दिए कि वह सामाजिक संगठनों के साथ तालमेल कर महोत्सव को भव्य बनाने का काम करें।
गीता जयंती की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ने लघु सचिवालय में जिले के सभी सामाजिक, धार्मिक व अन्य संगठनों व अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जिस भी अधिकारी की जो ड्यूटी लगाई जाए उसे निष्ठा के साथ पूरी करें। सभी सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं व अन्य संगठनों की भागीदारी के साथ जिलास्तरीय गीता महोत्सव में प्रत्येक नागरिक को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शहरवासी श्रीमद्भागवत गीता के संदेश को घर-घर पहुंचाने व भावी पीढ़ी को गीता के प्रति प्रेरित करने के लिए इस समारोह में शामिल हो। 28 नवंबर को शिक्षण संस्थानों में गीता पर आधारित सेमिनार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वक्ता गीता के महत्व पर अपना व्याख्यान देंगे।
29 नवंबर को गीता जयंती समारोह का शुभारंभ हवन व गीता पूजन के साथ किया जाएगा। जिसमें विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें विद्यार्थियों के अलावा लोक कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा सेमिनार का आयोजन होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों की ओर से गीता का श्लोक उच्चारण किया जाएगा। अंतिम दिन 1 दिसंबर को सामाजिक व धार्मिक संगठनों के सहयोग से नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें गीता पर आधारित झांकियां शामिल होंगी।
इसके अलावा दीपोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नगराधीश डॉ. अनमोल, सहायक पुलिस आयुक्त मलकीत सिंह, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा, तहसीलदार कीर्ति भी मौजूद रहे।