सोनीपत। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनसेवा भावना के साथ ईमानदारी और निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। कोई भी व्यक्ति यदि किसी कार्य के लिए कार्यालय आता है तो उससे अच्छा व्यवहार किया जाए और उसे सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
सांसद ने स्वच्छता को लेकर विशेष जोर देते हुए कहा कि शहर में नाले और सीवरेज समय पर साफ हों, इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी करें। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में सोनीपत को विशेष पुरस्कार मिलने पर उन्होंने मेयर राजीव जैन और नगर निगम के अधिकारियों को बधाई भी दी।
इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए 67 एजेंडों पर चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा में पूरे हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने गांव कासंडी में चल रहे दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के प्रशिक्षण केंद्र को गोहाना स्थानांतरित करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उपायुक्त सुशील सारवान ने निर्देश दिए कि बारिश के सीजन में में बीमारियों को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में दवा का पर्याप्त स्टॉक हो।
चिकित्सक समय पर अस्पताल पहुंचें और मरीजों के साथ व्यवहार ठीक रखें। साथ ही सभी कार्यालयों में सफाई का ध्यान रखने को भी कहा गया। उपायुक्त ने सरगथल गांव के सरकारी स्कूल में बनने वाली विभिन्न प्रयोगशालाओं का स्थान चिह्नित करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन को निरीक्षण के निर्देश दिए।
अधिकारियों को ब्लॉक वाइज प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक इंदुराज नरवाल, मेयर राजीव जैन, जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया, पुलिस उपायुक्त कुशल सिंह, एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय, डॉ. निर्मल नागर, सुभाष चंद्र, प्रवेश कादियान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।