सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा।
- फोटो : Sonipat
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा में मरीजों को जल्द बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। मरीजों की लगातार परेशानी को देखते हुए मुख्यालय की ओर से चिकित्सकों के पदों की संख्या बढ़ाने की मंजूरी दी है। यहां स्वीकृत पदों की संख्या 2 से बढ़क 9 हो गई है। उम्मीद है कि जल्द ही चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। यहां पर फिलहाल एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी व चिकित्सा अधिकारी हैं। साथ ही चिकित्सा अधिकारी का एक पद करीब एक साल से खाली है। चिकित्सकों की संख्या बढ़ने पर शहर व आस-पास के गांवों के लोगों को काफी फायदा होगा।
सरकार की ओर से स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर सुविधाएं देने का दावा किया जा रहा है। खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एसएमओ के अलावा चिकित्सा अधिकारी के दो पद स्वीकृत हैं। यहां एक साल से चिकित्सा अधिकारी का एक पद खाली होने से मरीजों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। शहर व आसपास क्षेत्र के लोग काफी समय से सीएचसी में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे थे। चिकित्सकों की कमी के कारण इसका सीधा असर स्वास्थ्य सुविधाओं पर पड़ता है। इसके बाद यहां पर आपात सेवाएं नाममात्र हैं, जिसके कारण डिलिवरी करवाने से लेकर सड़क हादसे में घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज व पीजीआई रोहतक रेफर किया जाता है।
एक चिकित्सक के पास 100 से ज्यादा को ओपीडी हो रही
स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय की ओर से चिकित्सकों स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाकर नौ कर दी है। वर्तमान में एक ही चिकित्सक सेवाएं दे रहा है। यहां रोजाना 100 से ज्यादा मरीजों की ओपीडी हो रही है। उम्मीद है कि जल्द ही यहां आठ चिकित्सक की नियुक्ति होने के बाद क्षेत्र के एक लाख से ज्यादा उन लोगों को होगा जो मजबूरी में छोटी सी स्वास्थ्य सेवाओं को पाने के लिए भी बड़े शहरों को रुख करते हैं। गर्भवती महिलाओं और सड़क हादसे के शिकार लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
सीएचसी में अन्य सुविधाओं का भी टोटा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ा आपरेशन थियेटर न होने से लेकर डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, अपग्रेड लैब सहित अन्य सुविधाएं नहीं हैं। इसके कारण मजबूरी में यहां पर आने वाले मरीजों को रेफर ही किया जाता है। क्षेत्र के लोग चिकित्सकों के साथ अन्य सुविधाएं बढ़वाने की मांग कर रहे हैं।
सीएचसी खरखौदा में मुख्यालय की ओर से चिकित्सकों के पदों की संख्या नौ करने पर मंजूरी दी है। जल्द ही चिकित्सकों की नियुक्ति होने के बाद सीएचसी में बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। -डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन।