सोनीपत। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) बहालगढ़ के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित हुई ऑल इंडिया इंटर साई रीजनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लड़कियों के मुकाबले में एनआरसी सोनीपत व लड़कों में लखनऊ की टीम ओवरऑल विजेता रही। विजेताओं को उपायुक्त सुशील सारवान व क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शिवम शर्मा ने सम्मानित किया।
साई में आयोजित मुक्केबाजी के राष्ट्रीय महाकुंभ में देशभर से आए 11 रीजनल केंद्रों के 196 खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक और साई के अधिकारी अनिल मलिक ने बताया कि लड़कियों में इंफाल और लड़कों में सोनीपत की टीम उप विजेता रही।
लड़कियों में बेस्ट मुक्केबाज का खिताब सोनीपत सेंटर की राधिका व बेस्ट प्रदर्शन करने वाली मुक्केबाज का खिताब गुवाहाटी की तरुणा को मिला। वहीं, लड़कों में सोनीपत सेंटर के सुजल व गांधी नगर के मयंक नरवाल को बेस्ट मुक्केबाज का खिताब मिला। इस दौरान राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, सोनीपत के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शिवम शर्मा, उप निदेशक गौरव रावत, उपनिदेशक सुभाष चंद्र मसानिया, अनिल मलिक और शुभम गुलाटी उपस्थित रहे।
-
यह रहे स्वर्ण पदक विजेता
लड़कों के वर्ग में 44 से 46 किलो में सोनीपत के सुजल, 46 से 48 किलो में इंफाल के खोंगसाई, 48 से 50 किलो में लखनऊ के रोहन जोशी, 50 से 52 किलो में लखनऊ के हिमांशु दानी ने सोना जीता। 52 से 54 किलो चंडीगढ़ के कृष्ण, 54 से 57 किलो में गांधी नगर सेंटर के मयंक नरवाल, 57 से 60 किलो में चंडीगढ़ के प्रभनूर सामा, 60 से 63 किलो में इंफाल के जोइला व 66 से 70 किलो में लखनऊ सेंटर के अमृत गुप्ता, 70 से 75 किलो में गांधीनगर के निशांत शर्मा व 75 से 80 किलो में बंगाल सेंटर के बी ईश्वर चरण रेड्डी ने स्वर्ण पदक जीता।
लड़कियों के वर्ग में 44 से 46 किलो में लखनऊ की निशु सिंह, 46 से 48 किलो में इंफाल की लालंगाईहावमी, 48 से 50 किलो में इंफाल की हेखम रिया, 50 से 52 किलो में सोनीपत सेंटर की राधिका, 52 से 54 किलो में गुवाहाटी की नमिता सिंह, 54 से 57 किलो में गुवाहाटी की वाईएम सोनम ने स्वर्ण पदक जीता।
57 से 60 किलो में सोनीपत सेंटर की तरुणा, 60 से 63 किलो में बंगाल की के ग्रीसमीथा, 63 से 66 किलो में सोनीपत की अनन्या ठाकुर, 70 से 75 किलो में सोनीपत की सना राज व 80 किलो से अधिक में चंडीगढ़ की अनिष्का ने सोना जीता।