सोनीपत। प्रदेश सरकार उद्योगपतियों को रिझाने का प्रयास तो कर रही है लेकिन औद्योगिक क्षेत्र में उनके लिए मूलभूत सुविधाएं तक नहीं है। कहते हैं बेहतर सड़क क्षेत्र के विकास की धुरी होती है। इसके विपरीत लिवासपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें टूटकर बिखर चुकी हैं। इससे उद्योगपतियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टूटी सड़कों के कारण तैयार व कच्चे माल की ढुलाई तक में परेशानी आ रही है।
लिवासपुर औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपति सरकार को टैक्स के रूप में करोड़ों रुपये देते हैं। उसके बावजूद क्षेत्र के उद्योगपति सुविधाओं को तरस रहे हैं। टूटी सड़कें उनके लिए सबसे बड़ी समस्या है। सड़कों में बने गड्ढों में पानी भरा रहता है। जिससे आवागमन में दिक्कत आती है। औद्योगिक क्षेत्र में कई मल्टी नेशनल कंपनी भी है। गहरे गड्ढों के चलते ट्रांसपोर्टर अपनी गाड़ियां तक नहीं भेजते। जिससे उद्योगपतियों के सामने कच्चा माल लाने व तैयार को लेकर जाने की समस्या खड़ी हो गई है। गड्ढों के कारण भारी वाहनों के एक्शल तक टूट जाते हैं। इतना ही नहीं सड़कों पर रात के समय प्रकाश का कोई प्रबंध नहीं है। रात्रि प्रकाश के अभाव में टूटी सड़कों पर हर समय हादसा होने का भय बना रहता है। उद्योगपति कई बार प्रशासन को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
विकास की गति हो रही प्रभावित
टूटी सड़कों के कारण विकास प्रभावित हो रहा है। यहां सीवरेज व्यवस्था का अभाव है, यह न केवल स्वास्थ्य के लिए खतरा है, बल्कि विकसित औद्योगिक क्षेत्र की किसी भी परिकल्पना का अपमान भी है।-विकास परुथी, प्रधान, लिवासपुर मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन
टूटी सड़क पर अंधेरे में बना रहता है हादसे का भय
औद्योगिक क्षेत्र की सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है। जिसके चलते हर समय हादसा होने का भय बना रहता है। खासकर रात के समय टूटी सड़क पर गुजरने के दौरान माल ढुलाई के वाहन के पलटने तक का डर रहता है। हजारों श्रमिक क्षेत्र में आते हैं। उनके साथ हादसे का भय रहता है। -महेश कुमार अनेजा, महासचिव, लिवासपुर मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन
माल ढुलाई से मना कर देते हैं वाहन चालक
सड़कों की दुर्दशा के कारण माल ढुलाई को वाहन भी नहीं मिल पा रहे हैं। एक बार कोई वाहन चालक आता है तो वह फिर आने से कतराने लगता है। साथ ही पानी की आपूर्ति नहीं है। ऐसे में ज्यादा लागत पर वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।-सोमबीर सिंह
फोटो :28: सोनीपत के लिवासपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क पर भरे पानी से गुजरते भारी वाहन व श्रमिक
फोटो :28: सोनीपत के लिवासपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क पर भरे पानी से गुजरते भारी वाहन व श्रमिक
फोटो :28: सोनीपत के लिवासपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क पर भरे पानी से गुजरते भारी वाहन व श्रमिक