सोनीपत। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस विभाग की तरफ से लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब शहर में किसी भी जगह पर जाम की समस्या होने पर लोग यातायात विभाग में बने कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 1095 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत मिलने के तुरंत बाद समस्या का समाधान कराया जाएगा।
सड़कों पर होने वाले ट्रैफिक जाम को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस ने एक और पहल की है। पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जाम से त्रस्त शहरवासी कहीं भी जाम की समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत मिलने के कुछ ही मिनटों बाद पुलिस कर्मचारी संबंधित चौराहे पर तैनात यातायात कर्मियों को यातायात व्यवस्थित करने संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश देंगे। ट्रैफिक कर्मी जाम की समस्या को खत्म कराएंगे। जिससे लोगों को समस्या से बचाना आसान होगा।
अब यूपीआई से भी जमा होगी चालान राशि
चालान कटने के बाद उसकी जुर्माना राशि जमा कराने के लिए वाहन चालक को अब चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अब वह जुर्माना राशि को मौके पर ही यूपीआई के माध्यम से जमा करा सकेगा। पुलिस अधिकारियों की तरफ से सभी ट्रैफिक चालान प्वाइंट व नाकों पर यूपीआई मशीन वितरित कर दी जाएंगी। ऐसे में जुर्माना जमा कराने को चालान ब्रांच जाने की जरूरत नहीं रहेगी।
-
वाहन चालकों को परेशानी से बचाने को जाम की समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर पर जानकारी देने की सुविधा दी गई है। इसके बाद उसे तुरंत खुलवाया जाएगा। साथ ही यूपीआई से चालान की जुर्माना राशि भी जमा करा सकेंगे। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
- मनबीर सिंह, पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) सोनीपत