संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा बाल कल्याण परिषद के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के खर्च में शराब-बीयर के बिल जोड़ने के आरोपों के मामले में अब अधिकारी कार्रवाई करने से बच रहे हैं। कुछ अधिकारी अपने ही हस्ताक्षरों तक को नकार रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप के बीच फाइल में लगे शराब के बिल की पुष्टि करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए अब डीसी को फाइल सौंपने की बात कही जा रही है। परिषद की मानद सचिव ने कहा कि परिषद का जिला प्रमुख होने के नाते मामले में कार्रवाई अब डीसी ही करेंगे।
बाल कल्याण परिषद ने हरियाणा के स्थापना दिवस पर 1 नवंबर, 2022 को दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं तकनीकी विश्वविद्यालय, मुरथल में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया था। जिसमें राज्यपाल मुख्य अतिथि थे। बताया गया है कि राज्यपाल का खाना विवि में तैयार हुआ था। जबकि बाल कल्याण परिषद के अधिकारियों ने राई में स्थित होटल से खाना मंगवाया था। वे राई विश्राम गृह में ही रुके थे। जिसका बिल सोनीपत के बाल कल्याण परिषद के अधिकारियों ने पास होने के लिए डीसी कार्यालय में भेजा था। इस फाइल में एक संदिग्ध बिल लगा हुआ मिला। यह बिल शराब और बीयर का बताया गया है। इसी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला उजागर हुआ तो परिषद की मानद सदस्य रंजीता मेहता ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच सौंप दी थी। फाइल में शराब के बिल लगे होने के मामले के तूल पकड़ने पर बाल कल्याण परिषद की मानद सचिव रंजीता मेहता ने दोषियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उन्होंने पंचकूला के डीसीडब्ल्यू भगत सिंह दलाल की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। इसमें जींद के डीसीडब्ल्यू अनिल सिंगला और पानीपत की डीसीडब्ल्यू रितु राठी को सदस्य बनाया था। उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है। अब फाइल पर हस्ताक्षर को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
डीसी मामला संज्ञान में नहीं होने की कह चुके बात
डीसी ललित सिवाच ने इस मामले में जांच टीम के दौरे के दिन सोमवार शाम को बताया था कि उनकी जानकारी में पूरा मामला नहीं है। यदि उनके सामने मामला आता है तो वह जरूर जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगे।
कमेटी ने जांच पूरी कर रिपोर्ट और फाइल डीसी सोनीपत को सौंप दी है। अभी तक संबंधित बिलों का भुगतान नहीं हुआ है। डीसी ही परिषद के जिला प्रमुख होते हैं तो इस मामले की गहनता से पड़ताल कराने के साथ ही कार्रवाई करेंगे।
- रंजीता मेहता, मानद सचिव, बाल कल्याण परिषद, हरियाणा