सोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में मंगलवार से उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय टेनिस प्रतियोगिता का आगाज किया जाएगा। प्रतियोगिता में पुरुषों की 36 व महिलाओं की 27 टीम भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के बेहतर संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डीसीआरयूएसटी के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि खेल अनुशासन और टीम वर्क को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह गुण युवाओं के व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से हमें एक दूसरे की संस्कृति को जानने का अवसर मिलता है।
खेल सर्वांगीण विकास में अहम रोल अदा करते हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में एक सिंथेटिक कोर्ट, एक प्रैक्टिस कोर्ट व चार क्ले कोर्ट हैं। कोर्ट फ्लड लाइट से युक्त हैं, ताकि दिन रात प्रतियोगिता का सुचारु रूप से आयोजन किया जा सके। विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव की बात है कि विवि उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष व महिला प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है।
चार दिन तक चलेंगी प्रतियोगिताएं
विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डाॅ. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 15 नवंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में 36 टीमें व महिला वर्ग में 27 टीमों ने पंजीकरण करवाया है। चार दिवसीय टूर्नामेंट में रोमांचक मैच और उच्चस्तरीय प्रतियोगिता होने की उम्मीद है, जिसमें खिलाड़ी सौहार्द और जीवन भर की यादें बनाते हुए खिताब जीतने का प्रयास करेंगे।