सोनीपत। नगर निगम चुनाव के लिए मंगलवार से निर्धारित स्थलों पर नामांकन पत्र लिए जाएंगे। प्रशासन की ओर से इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। नामांकन स्थल के 100 मीटर दायरे में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
एसडीएम सुभाष चंद्र ने बताया कि नामांकन कक्ष के अंदर प्रत्याशी सहित पांच लोगों को ही प्रवेश की इजाजत होगी। 25 अप्रैल को नामांकन की अंतिम तिथि है। एसडीएम ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को 11:30 बजे से की जाएगी। उम्मीदवार 28 अप्रैल को 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं।
इसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। 28 अप्रैल को ही प्रत्याशियों की सूची तथा मतदान केंद्रों की सूची भी प्रकाशित कर दी जाएगी। मतदान 10 मई को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। यदि आवश्यक हुआ तो 12 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतगणना 13 मई को सुबह 8 बजे से निर्धारित केंद्र पर शुरू होगी।
कांग्रेस प्रत्याशी कल करेंगे नामांकन
कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी कमल दिवान बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने के लिए उन्होंने सारी तैयारी कर ली है। कागजात को लेकर जो थोड़ी-बहुत कमियां हैं उन्हें मंगलवार को दूर कर लिया जाएगा। बुधवार को सुबह 10 बजे वे अपने आवास नामांकन दाखिल करने के लिए रवाना होंगे। दूसरी ओर, भाजपा की ओर से अब तक मेयर या पार्षद पद के किसी भी नामों की अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि पार्टी के सूत्र बताते हैं कि 18 से 19 वार्डों में पार्षद पद के लिए उम्मीदवारों के नाम तय हो गए हैं केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। इसके लिए चंडीगढ़ में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के बाद दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री सहित एक-दो अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक चल रही है। इसके के बाद मेयर व पार्षद पद के उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
यहां जमा होंगे नामांकन पत्र
मेयर पद के लिए : अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय
पार्षद पद के लिए
वार्ड-01 से 07 : जिला राज्सव अधिकारी का कोर्ट रूम
वार्ड-08 से 14 : उपमंडल अधिकारी (ना.) का कोर्ट रूम
वार्ड-15 से 22 : बीडीपीओ कार्यालय, सोनीपत