सोनीपत। नॉर्थ इंडिया चैंपियनशिप में जिले के 9 वर्षीय अयान खान ने स्ट्रांग मैन का खिताब जीता है। चैंपियनशिप का आयोजन 10 मई को दिल्ली में किया गया था। ओल्ड डीसी रोड स्थित द एग्जोटिक जिम के पावरलिफ्टरों ने चैंपियनशिप में चार स्वर्ण जीते।
नौ साल के अयान खान ने 90 किलो डेडलिफ्ट उठाकर सभी को चकित करते हुए मिसाल कायम की है। सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में स्ट्रांग मैन का खिताब जीतकर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। अयान के पिता समीर ने भी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है।
इसके अलावा चैंपियनशिप में गौरव सिंगला ने बेंच प्रेस में स्वर्ण व डेडलिफ्ट में रजत पदक जीता है। निखिल दहिया ने स्वर्ण पदक जीता है। गौरव शर्मा ने भी अपनी श्रेणी में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रशिक्षक विकास सिंगला ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं ने जिले के साथ प्रदेश का नाम रोशन किया है।