सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में बुधवार को लगाए गए शिविर में लोगों ने नौ शिकायतें दर्ज कराईं। निगमायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान तीन शिकायतों को अस्वीकृत कर दिया गया। बाकी किसी शिकायत का समाधान नहीं किया जा सका।
नगर निगम आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए। उन्होंने 22 अक्तूबर से मिल रही शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि तय समय में शिकायतों का समाधान किया जाना चाहिए, जिसका समाधान अभी तक नहीं हुआ है, उन शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई है, इसकी अंतरिम रिपोर्ट उनके कार्यालय में जमा करें। आयुक्त ने कहा कि शिविर में पहुंचने वाली शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी इनपर कार्रवाई नहीं करेगा या कार्रवाई करने में विलंब करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिस दिन उन्हें शिकायत मिली है, उसी दिन से उस पर काम शुरू कर दिया जाए।