सोनीपत। सात खंडों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) के तहत प्राथमिक शिक्षकों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के तीसरे सत्र का समापन हो गया।
शीतकालीन अवकाश के दौरान आयोजित इस सत्र में जिले भर से कुल 2126 प्राथमिक शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिनमें 280 शिक्षक अन्य जिलों में कार्यरत भी शामिल रहे।
बाहरी जिलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए सोनीपत के गढ़ी ब्राह्मणान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई थी।
कार्यशाला का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों की पढऩे, लिखने और गणितीय समझ को सुदृढ़ बनाना रहा ताकि उन्हें एफएलएन के लक्ष्यों के अनुरूप निपुण बनाया जा सके।
कार्यशाला के समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सूरजभान ने प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया और शिक्षकों को नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि एफएलएन मिशन के सफल क्रियान्वयन से विद्यार्थियों की शैक्षणिक नींव मजबूत होगी।
गढ़ी ब्राह्मणान विद्यालय में नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य अतुल खट्टर तथा मॉडल टाउन विद्यालय में संजीव दहिया के मार्गदर्शन में कार्यशाला का संचालन किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
एफएलएन के जिला संयोजक मनोज वर्मा ने बताया कि जिले में अब तक 53 समूहों में 2126 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के दौरान गतिविधि आधारित शिक्षण, आकलन तकनीक, सीखने के परिणाम और कक्षा प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं।
मास्टर ट्रेनर डॉ. मोनिका दहिया, सुनील सरोहा, सीमा, ऋतु, प्रीति, अंजू, कमलेश और शशि प्रभा ने सत्रों का संचालन किया।
चौथे और अंतिम चरण में शेष प्राथमिक शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे जिले में एफएलएन के लक्ष्य को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके।
- रचना बाना, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी