सोनीपत। एनसीसी अंबाला ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर एवं विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम) रोहित सहगल ने वीरवार को 12 हरियाणा बटालियन एनसीसी सोनीपत का निरीक्षण किया। बटालियन के कमांडिंग अधिकारी कर्नल अनूप रावत ने ग्रुप कमांडर को बटालियन के बारे में जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान ग्रुप कमांडर रोहित सहगल ने बटालियन के सभी एनसीसी अधिकारियों के साथ विद्यालय व महाविद्यालयों में एनसीसी प्रशिक्षण की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। साथ ही प्रशिक्षण से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्रुप कमांडर ने बटालियन कार्यालय क्षेत्र, एनसीसी स्टोर, पीआई स्टाफ मेस व कैंटीन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी, जवान, उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने 12 हरियाणा बटालियन की अब तक की उपलब्धियों को सराहते हुए विश्वास जताया कि प्रशिक्षण वर्ष 2025-26 में कैडेट्स अपनी प्रतिभा के बलबूते राष्ट्रीय स्तर पर बटालियन व एनसीसी का नाम रोशन करेंगे। कैडेट्स भारतीय लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ बन सकते हैं।
प्रशिक्षक प्रीतम सिवाच के साथ हॉकी टीम की गतिविधि पर चर्चा
ब्रिगेडियर रोहित सहगल ने महिला हॉकी टीम की प्रशिक्षक प्रीतम सिवाच से मुलाकात कर डीजी एनसीसी महिला हॉकी टीम की गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने 21 जून को होने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारी को लेकर कैडेट्स से भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा कैडेट्स योगाभ्यास कर स्वयं लाभान्वित हों, समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित चौहान, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से मेजर संजय श्योराण, हिंदू महाविद्यालय से लेफ्टिनेंट डॉ. विशाल दहिया, जीवीएम कन्या महाविद्यालय से लेफ्टिनेंट प्रियंका, मॉडल संस्कृति स्कूल से तृतीय अधिकारी कमलेश, ऋषिकुल स्कूल से तृतीय अधिकारी दीपक, सूबेदार मेजर सुरेंद्र कुमार, सूबेदार संजय कुमार, हवलदार मंजीत, विकास, टेकराम, भूपेंद्र सिंह, सुधीर, रजत, दीपक मौजूद रहे।