सोनीपत। नवरात्र उत्सव से शुरू हुए त्योहारी सीजन की बहार बाजारों में नजर आने लगी है। ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से बाजार गुलजार होने लगे हैं। नवरात्र के साथ खरीदारी बढ़ने से बाजार भी झूमने को तैयार हैं। सोमवार को नवरात्र के साथ बाजारों की रौनक लौट आई है। बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने से चहल-पहल का माहौल रहा।
मोटर बाजार में भी 60 फीसदी की बिक्री बढ़ी है। नवरात्र के साथ 152 बाइक व 162 गाड़ियों की ब्रिकी हुई। शहर की प्रमुख कच्चे क्वार्टर मार्केट में सोमवार को दिनभर लोगों ने जमकर खरीदारी की। ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक आने लगी है। दुकानदार नरेश कुमार, सुरेश, प्रमोद ने बताया कि नवरात्र उत्सव के साथ त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। अब ग्राहक खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने लगे हैं।
सोमवार को लोगों ने पूजन सामग्री के साथ कपड़े, जूते, श्रृंगार सामान के साथ त्योहारों को लेकर खरीदारी शुरू कर दी है। ग्राहक त्योहारों को लेकर बाजार में मनपसंद कपड़ाें, श्रृंगार सामान, हेंडलूम सामान की खरीदारी में अभी से जुट गए हैं। दुकानदारों ने भी ग्राहकों के लिए अभी से स्टॉक को पूरा कर लिया है। इस बार त्योहारी सीजन में अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है।
उधर जिलाभर में लोगों ने शुभ मुहूर्त के साथ चार व दो पहिया वाहनों की बुकिंग करवाना भी शुरू कर दिया है। मोटर बाजार में 60 फीसदी की वृद्धि होने से नवरात्र के दिनों में करोड़ों की खरीदारी होगी। केवल अष्टमी व नवमी के दिन जिलाभर में 70 गाड़ियों व 80 बाइकों की बुकिंग एडवांस हुई है। इन परिवारों का भी कार व बाइक खरीदने का सपना जल्द पूरा होगा।
विवेकानंद चौक स्थित महादेव मोटर्स (बजाज) के प्रबंधक करण शर्मा ने बताया कि नवरात्र की शुरुआत व जीएसटी दर कम होने से ग्राहकों में बाइक खरीदने के प्रति जिज्ञासा है। जिला में पहले दिन सभी मॉडलाें की 152 बाइकों की बिक्री हुई, जबकि 80 बाइकों की खरीद के लिए एडवांस में बुकिंग कराई गई है।
सोनीपत के ग्राहकों में पल्सर 125 सीसी, सप्लेंडर बाइक की ज्यादा खरीद की गई, जबकि गोहाना, खरखौदा क्षेत्र में प्लेटिना, टीवीएस कंपनी की बाइक की ज्यादा खरीद हुई। चार मॉडल ग्राहक ज्यादा पसंद कर रहे हैं। वहीं दिल्ली रोड स्थित नैक्सा शोरूम के मुख्य प्रबंधक दीपक आंतिल व राजेश मलिक ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन नैक्सा, मारुति, टाटा, महेंद्र जैसी कंपनियों की 162 गाड़ियों की डिलीवरी की गई है।
साथ ही बताया कि 70 गाड़ियों की अष्टमी व नवमी के लिए बुकिंग की गई है। कंपनी की ओर न केवल नवरात्र, बल्कि पूरे त्योहारी सीजन को लेकर योजना तैयार की गई है। त्योहारी सीजन में जिलाभर में फिलहाल 300 से ज्यादा गाड़ियों की बिक्री की संभावना है।
फोटो 24- सोनीपत की कच्चे क्वार्टर मार्केट स्थित दुकान पर श्रृंगार का सामान खरीदती महिलाएं व यु- फोटो : samvad
फोटो 24- सोनीपत की कच्चे क्वार्टर मार्केट स्थित दुकान पर श्रृंगार का सामान खरीदती महिलाएं व यु- फोटो : samvad