आपसी सहमति से करा सकते हैं लंबित केसों का निपटान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पंचकूला के कार्यकारी अध्यक्ष एवं न्यायाधीश पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ दीपक सिबल के निर्देशानुसार सोनीपत, गोहाना, गन्नौर व खरखौदा में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इस लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह के नेतृत्व व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव प्रचेता सिंह की देखरेख में जिलास्तर पर न्यायिक परिसर में किया जाएगा।
लोक अदालत में आपसी सहमति से लंबित केसों का निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत की ओर से न्यायालय में लंबित फौजदारी समाधेय, चेक बाउंस, दीवानी मामले, ट्रैफिक चालान, मोटर व्हीकल दुर्घटनाग्रस्त मामलों, वैवाहिक विवाद मामले समेत अन्य विभिन्न वर्गों के मामलों का निपटारा किया जाएगा।