रोहतक। खेलकूद विश्वविद्यालय राई (सोनीपत) जा रहे राष्ट्रीय स्तर के तैराक हिसार के गांव गंगवा निवासी विश्वदीप नैन (23) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह हिसार-रोहतक राजमार्ग पर मदीना गांव के पास हुआ। बहुअकबरपुर थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि विश्वदीप के पिता वीरेंद्र नैन ने शिकायत दी कि उनके दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा विश्वदीप और बेटी दिव्यांशी हैं। दोनों तैराकी में भविष्य बनाना चाहते थे। हिसार के एक क्लब में तैराकी सीखने वाले विश्वदीप का करीब तीन सप्ताह पहले हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय राई में दाखिला कराया था। वहीं, उनकी बेटी हिसार के एक स्कूल में तैराकी की कोच हैं।
पिता ने बताया कि हॉस्टल से विश्वविद्यालय आने-जाने के लिए स्कूटी की जरूरत थी। इसी कारण विश्वदीप 14 अगस्त को स्कूटी लेने घर आए थे। 15 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे वह गांव से राई के लिए रवाना हुए। सुबह करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि विश्वदीप की मदीना मोड़ के पास सड़क हादसे में मौत हो गई है। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
....
तीन साल पहले प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में जीता था रजत पदक
पिता वीरेंद्र नैन ने बताया कि विश्वदीप को बचपन से ही तैराकी का शौक था। उन्होंने हिसार में कोच राहुल से तैराकी का प्रशिक्षण लिया था। करीब तीन साल पहले विश्वदीप ने प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। तीन बार राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। हालांकि, वह राष्ट्रीय स्तर पर पदक नहीं जीत सके। अब उन्होंने खेलकूद विवि राई में दाखिला लिया था और तैराकी में आगे बढ़ने की तैयारी में जुटे थे।
-
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मदीना मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से तैराक विश्वदीप नैन की मौत हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन का नंबर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
-तनुज शर्मा, डीएसपी महम।
27-विश्वजीत नैन। फाइल फोटो