संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। नागरिक अस्पताल में प्रसव के बाद रुपये व बधाई लेने की शिकायतें मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक कार्यालय, पंचकूला से टीम जांच करने पहुंची। उप निदेशक के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम नागरिक अस्पताल में दो दिन तक रही। अस्पताल के प्रसव वार्ड में टीम ने मंगलवार व बुधवार को चिकित्सकों व अन्य बयान दर्ज किए। अब टीम में शामिल अधिकारी अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेंगे।
15 अगस्त 2022 को प्रसव के बाद एक महिला ने शिकायत दी थी कि नागरिक अस्पताल में प्रसव कराने की एवज में उनसे आठ हजार रुपये लिए गए हैं। इसमें अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मचारियों की मिलीभगत है। नवंबर 2022 में एक प्रसव के बाद भी आठ हजार रुपये लेने की शिकायत अधिकारियों के पास पहुंची थी। इसके बाद एक महिला ने आरोप लगाए कि लेबर वार्ड की एक कर्मचारी ने पहले प्रसव के लिए दो हजार रुपये मांगे, इसके बाद 1500 रुपये मांगने लगी। बाद में 1200 रुपये में सौदा तय हुआ। मंगलवार दोपहर बाद स्वास्थ्य विभाग की उपनिदेशक के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम पहुंची थी। इसके बाद लेबर वार्ड में तैनात डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों व अन्य कर्मचारियों की लिस्ट बनाकर क्रमवार उनके बयान दर्ज किए गए। बुधवार को भी लेबर वार्ड की तीन चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों व अन्य कर्मचारियों से सिविल सर्जन कार्यालय में कई घंटे पूछताछ की गई। टीम के अधिकारी जांच के बाद पंचकूला लौट गए। वह आला अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। वहीं अधिकारियों ने इस मामले में चुप्पी साध ली।